सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत के प्रशासक शेखर सुमन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त को एक लिखित शिकायत सौंपकर प्रशासक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है. पूर्व उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि प्रशासक अपने पद का दुरुपयोग कर अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रताड़ित करते हैं और उनसे जबरन अनैतिक कार्य कराते हैं. साथ ही, नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध निर्माण, अतिक्रमण तथा अन्य मामलों में भय दिखाकर जनता का भी शोषण किया जा रहा है. शिकायत में कहा गया है कि कार्यालय क्षमता संवर्धन के लिए नगर विकास विभाग से प्राप्त 50 लाख रुपये के आवंटन का जमकर दुरुपयोग हुआ. आरोप के अनुसार, गैर-ब्रांडेड गोदरेज अलमारी जिसकी बाजार कीमत 5 हजार रुपये है, उसे 50 हजार रुपये में खरीदा गया. वहीं, 80 हजार रुपये के कलर प्रिंटर को लगभग 4 लाख रुपये में खरीदा गया. (नीचे भी पढ़ें)
रिवॉल्विंग चेयर, ऑफिस कुर्सी, सोफा सेट, टॉयलेट दरवाजा, दीवार घड़ी, फ्रिज, वॉटर प्यूरीफायर, इनवर्टर बैटरी समेत अन्य सभी सामान बाजार मूल्य से कई गुना ज्यादा दर पर खरीदे गए. सोफा सेट और कई सामान तो कार्यालय में दिखाई ही नहीं दिए, लेकिन उनका भुगतान कर दिया गया. पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासक के पदस्थापन के बाद से ही नगर पंचायत कार्यालय की व्यवस्था चरमरा गई है. उनके कार्यकाल में डीजल, ट्रैक्टर, ट्रॉली, बिजली उपकरण समेत सभी खरीदारी में भारी अनियमितता हुई है. कर्मचारी भी उनके खौफ में अनैतिक कार्य करने को मजबूर हैं. पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने उपायुक्त से मामले की त्वरित जांच कर दोषी प्रशासक के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही, जांच पूरी होने तक प्रशासक को पद से हटाने की भी मांग की गई है.











