
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र के पहाड़ी पर स्थित लखाई डीह के ग्रामीणों ने मशरूम की खेती कर एक मिसाल पेश की है. सीमित संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं की घोर कमी के बीच ग्रामीणों ने अपने जज्बे से एक ऐसी नजीर पेश की है, कि इनके जज्बे के कायल जिले के उपायुक्त भी हो गए हैं. बुधवार को ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त से मिलकर उन्हें अपने खेतों में उगाए गए मशरूम भेंट की. कभी घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाने वाला डुमरिया का लखाईडीह आज आत्म निर्भर बन चुका है. यहां के युवा और किसान अपनी मेहनत से मशरूम की इतनी खेती कर रहे हैं कि जमशेदपुर के होटलों और रेस्टोरेंटों को पर्याप्त मात्रा में मशरूम की सप्लाई कर सकते हैं. जिले के उपायुक्त ने तमाम अधिकारियों से सरकारी आयोजनों में इनके मशरूम प्रयोग करने का निर्देश दिया है. साथ ही होटल रेस्टोरेंट के प्रतिनिधियों से लखाई डीह के ग्रामीणों से मशरूम खरीदने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि यह एक बेहतरीन प्रयास है. इससे रोजगार के अवसर भी मिलेंगे साथ ही इनके द्वारा उगाए गए मशरूम को बाजार भी उपलब्ध होगा.













