गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्रांतर्गत जोड़सा पंचायत के चोड़िन्दा गांव में चोरों ने सोमवार रात तीन घरों को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये. माणिक सिंह, करमू सिंह और मनोज गोप के परिवार झुमुर कार्यक्रम देखने गए थे. रात करीब 12 बजे लौटने पर घरों के ताले टूटे मिले. अलमारी में रखे जेवरात गायब थे. माणिक सिंह के घर से सोने का लॉकेट, झुमका और चांदी की पायल, जबकि करमू सिंह के घर से सोने की अंगूठी, झुमका, चेन समेत अन्य आभूषण चोरी हुए. दोनों भाइयों के घर से करीब एक लाख रुपये के जेवरात की चोरी होने की बात कही गई है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मनोज गोप के घर से सोने के दो लॉकेट, चूड़ी, पायल, पांच चेन, चार अंगूठी, ब्रेसलेट और बिछिया समेत करीब एक लाख रुपये के जेवरात की चोरी हुई है. सूचना पाकर पुलिस ने रात से ही छापामारी शुरू कर दी. मंगलवार को थाना प्रभारी अंकु कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. उधर, चोड़िन्दा झुमुर कार्यक्रम स्थल से प्रभात बोस की स्प्लेंडर प्लस बाइक और रविवार को गालूडीह मीना बाजार से लाल्टू महतो की स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की भी शिकायत पुलिस को मिली है.




