बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत के अंगारीशोल गांव में बीती रात हाथियों ने गांव निवासी लाल मोहन मांडी के खेत में प्रवेश कर खेत में काटकर रखी गरमा धान की फसल को खा लिया, यही नहीं, सूख रही फसल को पैरों तले रौंदकर नष्ट भी कर दिया. इससे किसान को काफी नुकसान हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार लालमोहन मांडी ने खेत में तैयार गरमा धान की फसल को काटकर सूखने के लिए खेत में छोड़ दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
रात में हाथियों ने खेत में प्रवेश कर फसल को खाया ही नहीं, पैरों तलें रौंदकर बर्बाद भी कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि गांव से सटे जंगल में 6 – 7 हाथियों का दल शरण लिए हुए है. गांव से सटे जंगल में हाथियों के रहने से क्षेत्र के किसान अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के भय से ग्रामीण दहशत में हैं और लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है.







