पटमदा : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास शुक्रवार शाम करीब पौने छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान पटमदा थाना क्षेत्र के चुड़दा गांव निवासी गणेश कर्मकार (24) के रूप में हुई है. घायलों में गणेश की पत्नी रानी कर्मकार (20), दूसरी बाइक पर सवार ओडिशा निवासी जीत बिंदानी (16) और जमशेदपुर निवासी उसका साथी राहुल सिंह (18) शामिल हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गणेश कर्मकार को मृत घोषित कर दिया. गणेश की छोटी बेटी भी बाइक पर सवार थी, लेकिन उसे चोट नहीं लगी है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, गणेश अपनी पत्नी और बेटी के साथ जमशेदपुर से अपने गांव लौट रहे थे. बताया जाता है कि आगे चल रहे एक पिकअप वैन को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश के सिर में गंभीर चोट लगी. बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि हादसे में गणेश का सिर बुरी तरह कुचल गया था. अन्य घायलों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि गणेश की छोटी बेटी सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है.





