पटमदा : उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में शिक्षकों की कमी और पदस्थापित शिक्षकों के प्रतिनियोजन के विरोध में मंगलवार को दर्जनों छात्र सड़क पर उतर आए. सुबह करीब 10:30 बजे विद्यार्थियों ने पटमदा बाजार स्थित सिद्धू-कान्हू चौक के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. छात्रों का कहना था कि जब तक उनके विद्यालय में पदस्थापित शिक्षकों को वापस नहीं लाया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

जाम की सूचना पर दोपहर करीब 12 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) निशू कुमारी मौके पर पहुंचीं और छात्रों से वार्ता की. उन्होंने तत्काल दूसरे विद्यालय से गणित-विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति किए जाने का पत्र छात्रों को दिखाया. हालांकि, छात्र विद्यालय में पदस्थापित बायो साइंस, हिंदी और अंग्रेजी समेत चार शिक्षकों का प्रतिनियोजन रद्द कर उन्हें वापस चौरा विद्यालय में भेजने की मांग पर अड़े रहे. (नीचे भी पढ़ें)

बाद में अधिकारियों ने आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल के एक बायो साइंस शिक्षक को सप्ताह में तीन दिन चौरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में प्रतिनियुक्त करने पर सहमति दी. साथ ही, एसआइआर के कार्य में लगे शिक्षक काजल साहा को शैक्षणिक कार्य पूरा करने के बाद एसआइआर का काम करने का तत्काल आदेश जारी किया गया. इन आश्वासनों के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सीआइ समेत अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे. करीब दो घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे सड़क पर यातायात सामान्य हो सका.




