
चाकुलिया : मकर संक्रांति पर्व की तैयारी इन दिनों चाकुलिया और बहरागोड़ा प्रखंड के शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण जोर शोर से जुटे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो ग्रामीणों के बीच पर्व को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव के पुरुष, महिला और बच्चे सभी अपने अपने अंदाज में पर्व की तैयारी में जुटे हुए हैं। चाकुलिया के सुनसुनिया साल जंगल और बहरागोड़ा के मानुषमुरिया और चंदरपुर गांव के बीच स्थित साल जंगल से गांव की महिलाएं जंगल से साल पत्ता तोड़ने में व्यस्त दिख रही है। साल पत्ता तोड़ने जंगल पहुंची महिलाओं ने कहा कि वे सभी पीठा बनाने के लिए साल पत्ता तोड़ रही है। (नीचे भी पढ़ें)

पत्ता में लपेट कर विभिन्न प्रकार की पीठा बनाएंगी। कहा कि साल पत्ता से पीठा बनाने का उनकी पुरानी परंपरा है और काफी स्वादिष्ट पीठा बनता है इस कारण जंगल से साल पत्ता तोड़ रही है। वही ग्रामीण बच्चे गांव में तालाब और नदी नाले के पास ताड़ के पत्ता काटकर लाकर कुंभा बनाने में व्यस्त हैं। बच्चे मकर के आने के कुछ दिनों पूर्व से ही कुंभा बनाने में व्यस्त हो जाते हैं। मकर के दिन बच्चे सुबह सुबह स्नान कर नये वस्त्र पहनकर ताड़ पत्ते से बने कुंभा के पास आग तापते है ताकि उन्हें ठंड न लगें। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब और नदी नाले के पास दर्जनों ताड़ पत्ते की कुंभा बनकर तैयार है।












