
घाटशिला : बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोवार द्वीप में कम दबाव बनने के कारण उठा चक्रवात यास तूफान का असर पूर्वी सिंहभूम जिला के घाटशिला अनुमंडल में सुबह से ही दिखने लगा है. आसमान में काले बादल छायें हुए है. सुबह से ही रूक- रूक कर तेज हवाएं भी चल रही है. तूफान के मद्देनजर अनुमंडल में जिला प्रशासन ने अलर्ट किया है. हर प्रखंड में कंट्रोल रूम बनाये गये हैं. प्रखंड के स्थानीय प्रशासन तूफान से निपटने के लिए तैयार है. यास तूफान को लेकर जिले के उपायुक्त सुरज कुमार ने अगले दो दिनों तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है. उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल के हर प्रखंड में ग्रामीण और दुकानदारों ने उनके आदेश का पालन करते हुए स्वेच्छा से अपनी अपनी दुकानों को बंद रखा है. तूफान के भय से ग्रामीण भी अपने -अपने घरों में दुबके हुए हैं.
बाजार की दुकानें बंद होने से सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ है. यास तूफान के ओड़िशा पहुंचतें ही बहरागोड़ा और चाकुलिया में इसका असर दिखने लगा है. सुबह से ही आसमान बादल से ढ़का हुआ है और हल्की बारिश हो रही है. बीच बीच में हवाए तेज चल रही है. चाकुलिया बाजार पूरी तरह से बंद है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. वही घाटशिला, धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और मुसाबनी प्रखंड में भी बाजार की दुकानें बंद है और सड़कों पर सन्नाटा है. लोग अपने अपने घर पर दुबके हुए है.











