जमशेदपुर : क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत के तत्वावधान में सावन महोत्सव एवं सावन क्वीन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन जमशेदपुर के साकची स्थित कैनलाइट होटल में किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा सिंह ने की. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चला. कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह ने किया. अतिथियों का स्वागत मोनी सिंह, बबीता सिंह एवं सुषमा सिंह ने किया, जबकि स्वागत गान लक्ष्मी सिंह ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिहार से पधारीं गायत्री सिंह रहीं. सावन क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, नृत्य, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न चरणों के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया गया. प्रतियोगिता में अंशु सिंह सावन क्वीन, कल्पना सिंह द्वितीय तथा श्वेता राय तृतीय स्थान पर रहीं. (नीचे भी पढ़े)

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अधिवक्ता दीप सिंह एवं अधिवक्ता सुधा सिंह ने निभाई. कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया तथा सभी महिलाओं को सुहाग की निशानी के रूप में चूड़ी, सिंदूर एवं बिंदी प्रदान की गई. अतिथियों का सम्मान राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह, कोल्हान अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह एवं जिला अध्यक्ष अर्चना सिंह द्वारा अंगवस्त्र पहनाकर किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के पारंपरिक रंग, गीत-संगीत और उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना तथा आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना था.




