बार्सिलोना: अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहा थे. पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था. मेसी के बचपन के क्लब न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने शनिवार को उनके निधन की पुष्टि की. क्लब ने शोक जताते हुए उन्हें मेसी के करियर की सबसे मजबूत ताकत बताया.जॉर्ज सिर्फ मेसी के पिता नहीं थे. वे दो दशक से ज्यादा समय तक उनके एजेंट और सलाहकार भी रहे. बार्सिलोना, पीएसजी और इंटर मियामी जैसे बड़े क्लब ट्रांसफर में उनकी अहम भूमिका रही. न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने श्रद्धांजलि में क्लब का झंडा आधा झुका दिया. क्लब ने कहा, जॉर्ज और उनकी पत्नी सेलिया ने मेसी के हर सफर में साथ दिया. (नीचे भी पढ़े)
बचपन की ट्रेनिंग से लेकर वर्ल्ड फुटबॉल के टॉप तक पहुंचने में जॉर्ज का योगदान रहा. जून 2026 में मेसी परिवार ने बताया था कि जॉर्ज स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं. वे डॉक्टरों की निगरानी में थे. परिवार ने अफवाहें न फैलाने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की थी.विदित हो कि जॉर्ज मेसी अर्जेंटीना के रोसारियो में स्टील फैक्ट्री में काम करते थे. शुरुआती दिनों में उन्होंने मेसी को स्थानीय क्लब में ट्रेनिंग भी दी. जब मेसी में ग्रोथ हार्मोन डिफिशिएंसी का पता चला, तब इलाज का खर्च उठाना मुश्किल था. इसके बाद वे 13 साल के मेसी को लेकर बार्सिलोना पहुंचे. बार्सिलोना ने ला मासिया अकादमी में दाखिला दिया. इलाज का खर्च भी क्लब ने उठाया. इसके बाद जॉर्ज हर कदम पर बेटे के साथ रहे.2026 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भी जॉर्ज की तबीयत चर्चा में रही. अल्जीरिया के खिलाफ गोल करने के बाद भावुक हुए मेसी ने कहा था कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बेहद मुश्किल रहे हैं.




