जमशेदपुर : विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं भविष्य के कौशलों से जोड़ने के उद्देश्य से ई-डिजिटल इंडिया द्वारा शारदामोनी गर्ल्स हाई स्कूल जमशेदपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को एआई के बढ़ते महत्व, नई तकनीकों तथा भविष्य में उभरने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बैंकिंग, कृषि और सूचना प्रौद्योगिकी सहित लगभग हर क्षेत्र में तेजी से अपनी भूमिका निभा रहा है. ऐसे में विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने छात्राओं को एआई का जिम्मेदारीपूर्वक और सकारात्मक उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया. कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एआई से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं. (नीचे भी पढ़ें)

संवादात्मक सत्र के माध्यम से उन्हें आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ई-डिजिटल इंडिया ने टाटा फाउंडेशन जमशेदपुर, सरदामोनी गर्ल्स हाई स्कूल की प्राचार्या, सभी शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया. ई-डिजिटल इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल साक्षरता और भविष्य के कौशलों से जोड़कर उन्हें बदलते तकनीकी दौर की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना है.




