
जमशेदपुर : सावन के पवित्र महीने की आज चौथी सोमवारी है. कोरोना संक्रमण को देखते हुए वैसे तो देशभर के धार्मिक स्थल बंद पड़े हैं. गलियों मुहल्लों में बने मंदिर और शिवालयों में ही लोग भगवान भोले की अराधना कर रहे हैं, लेकिन अगर उसमें भी अड़चन आए, वो भी देवालय और शिवालय के ससमीप गंदगी हो तो लोगों को बुरा लगेगा ही. भक्त जाएं तो कहां. ऐसा ही हाल है, जमशेदपुर के सोनारी खूंटाडीह आरएमएस स्कूल के समीप बने शिवालय का. बाबा विघ्नेश्र्वर नाथ महादेव के आस- पास गंदगी का अंबार फैला हुआ है. वैसे स्थानीय लोगों का कहना है, कि यहां दूसरे मुहल्लों के लोग आकर घरों की गंदगी फेंक जाते हैं. यहां तक कि मरे हुए जानवरों को भी मंदिर के पास रखे गए डस्टबीन के बाहर ही फेंक जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है, कि इस संबंध में स्थानीय निकाय को भी अवगत कराया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही. गंदगी और बदबू से भक्ति तो दूर घरों में रहना दूभर हो चला है. वहीं लोगों ने आशंका जतायी है, कि जल्द ही अगर गंदगी से निजात नहीं दिलायी गयी तो कोरोना के बीच दूसरी बिमारियां लोगों को घर कर लेगी.















