जमशेदपुर : सोमवार को साकची स्थित सीसीआर परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्यूआरटी बल के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की. इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), पुलिस निरीक्षक (सीसीआर) तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी ने सभी जवानों को पूरी मुश्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए. उन्होंने पेट्रोलिंग के दौरान अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी. साथ ही, शहर में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान लगातार चलाने पर भी जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी ने किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल अवगत कराने को कहा, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा.







