जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में अक्टूबर माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी समेत जिले के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में विभिन्न थानों में दर्ज कांडों के निष्पादन, लंबित मामलों के अनुसंधान की प्रगति, लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गंभीर और संगठित अपराधों की रोकथाम को लेकर चर्चा हुई. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक देरी से बचने और साक्ष्यों के वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्लेषण पर विशेष ध्यान देने को कहा. अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी ने संगठित अपराध, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों और अपराधियों के आपसी नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने गैंगवार की आशंका को देखते हुए सक्रिय अपराधियों की पहचान, गैंग वेरिफिकेशन और क्रिमिनल प्रोफाइलिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया. इसके अलावा अपराध-प्रभावित इलाकों में नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में जिले की बीट पुलिसिंग-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. एसएसपी ने बीट पदाधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने और स्थानीय स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया. बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ रात्रि गश्त और एंटी क्राइम पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने को कहा गया. बैठक में सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य समेत अन्य डिजिटल पुलिसिंग पोर्टल के उपयोग की समीक्षा की गई. एसएसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का नियमित इस्तेमाल करने और सभी अभिलेखों को समय पर अपडेट रखने का निर्देश दिया. उन्होंने तकनीक के बेहतर उपयोग से अनुसंधान की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया. एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य केवल प्राथमिकी दर्ज करना और मामलों का निष्पादन करना नहीं है, बल्कि अपराध होने से रोकना, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना भी है. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया.












