जमशेदपुर : टाटा स्टील एक्स इंप्लॉईज एसोसिएशन ने टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज की जीएम को पत्र लिख कर टीएमएच में वरिष्ठ पूर्व कर्मचारियों की चिकित्सा एवं उसकी व्यवस्था में कतिपय सुधार के सुझाव दिये हैं. एसोसिएशन के अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ चौबे ने पत्र में कंपनी की ओर से पूर्व कर्मचारियों को टीएमएच की ओर से मेडिकल सुविधाएं प्रदान किये जाने की प्रशंसा करते हुए इसके लिए साधुवाद देते हुए उल्लेख किया है कि विगत एक दशक में टीएमएच में विभिन्न विभागों के अस्तित्व में आने और पहले के विभागों के आधुनिकीकरण के द्वारा कर्मचारियों के बेहतर इलाज हो रहा है. हालांकि उन्होंने प्रबंधन को अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार की जरूरत बताते हुए कई सुझाव दिये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने 75 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व कर्मचारियों को सीनियर सिटिजन के तौर पर टीएमएच के हर विभाग में आउट ऑफ टर्न जांच एवं इलाज की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए ध्यान दिलाया है कि विगत कुछ वर्षों में इस व्यवस्था के तहत पदस्थापित कतिपय चिकित्सकों के सम्मान पूर्ण व्यवहार में कमी आ रही है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है. इसी तरह कई विभागों में वरिष्ठ पूर्व कर्मियों के इलाज के लिए मेडिसिन विभाग में निर्धारित फिजीशियन के अपराह्न 1 बजे या उसके बाद आने और उसके लिए भी नीचे रजिस्ट्रेशन खिड़की से रजिस्ट्रेशन कराने की व्यवस्था में सुधार की मांग की है. उन्होंने वरिष्ठ कर्मचारियों के रजिस्ट्रेशन के लिए अलग ऐसा एप्प या खिड़की बनाने का सुझाव दिया है जो संट्रलाइज्ड रजिस्ट्रेशन से जुड़ा हो और जहां चिकित्सक वरिष्ठ कर्मचारियों का सम्मान पूर्वक एवं रुचि लेकर जांच करें. इसी प्रकार उन्होंने वरिष्ठ पूर्व कर्मचारियों के सुगम इलाज के लिए कई अन्य सुझाव भी प्रबंधन को दिये हैं.



