जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर के टीचर कॉलोनी की रहने वाली महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. महिला अमृता सिंह की उम्र 33 वर्ष बताई जा रही है. घटना के बाद उसके पति अमित सिंह और ससुराल वालों ने शव को उतारा और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया है. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अमृता को मृत घोषित कर दिया. अमित सिंह ने इसकी सूचना मायके वालों को दी. उसका मायका बारीडीह में है. इसके बाद अमृता सिंह के परिजन अस्पताल पहुंचे. अमृता सिंह के भाई मंजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि अमृता सिंह को प्रताड़ित किया जाता था. (नीचे भी पढ़ें)
इससे तंग आकर उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की है. उन्होंने अमृता के जेठ अभिषेक सिंह और जेठानी शिल्पी सिंह पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मनजीत सिंह का कहना है कि अमृता सिंह का विवाह सात साल पहले अमित सिंह के साथ हुआ था. अमित कुछ काम नहीं करता. वह अपने मकान में रहने वाले लोगों से किराया वसूलता है और उसी से परिवार चलता है. अमृता की 5 साल की एक बेटी इशानी है, जो आईडब्ल्यूसी स्कूल में एलकेजी में पढ़ती है और दूसरी 10 महीने की है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार की शाम जेठ जेठानी से अमृता का झगड़ा हुआ था. इसके बाद उसने फांसी लगाई. पुलिस ने शव शीतगृह में रखवा दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


