जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना गांधी रोड, पुराना सोनारी की है, जहां निवासी बैजनाथ प्रसाद ने थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री पूजा कुमारी की मौत की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे पूजा ने घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. परिजनों के अनुसार पूजा कुमारी की शादी की बात चल रही थी और बीते रविवार को परिवार वाले लड़का देखने के सिलसिले में गए थे, जहां पूजा भी साथ थी. वहां से लौटने के बाद उसने अपने माता-पिता को बताया कि उसका किसी युवक के साथ प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहती थी. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि उक्त युवक से उसकी मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी. पिता द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन युवक ने फोन रिसीव नहीं किया. घटना से एक रात पहले पूजा की उस युवक से फोन पर बातचीत हुई थी. परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक द्वारा कही गई बातों से वह मानसिक रूप से आहत हो गई थी. इसके बाद अगले दिन उसने यह कदम उठाया. पिता के आवेदन के आधार पर सोनारी थाना में सिदगोड़ा निवासी विजय कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज कराया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



