जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित ऑर्किड रेसिडेंसी परिसर में मंगलवार को आर्टेक्स क्रिएशन ड्रॉइंग क्लासेस (शिवम शिल्प कला केंद्र द्वारा संचालित) द्वारा आयोजित चार दिवसीय समर कैंप का भव्य शुभारंभ किया गया. कैंप का संचालन मधु सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक गणेश वंदना नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और पूरे परिसर को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण माहौल से भर दिया. शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी अरुणा मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी पूर्वी घोष उपस्थित रहीं. दोनों अतिथियों ने बच्चों की विविध प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक और रचनात्मक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

डीएसपी अरुणा मिश्रा ने कहा कि आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति, योग, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, जबकि समाजसेवी पूर्वी घोष ने इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया. आयोजक मधु सिंह ने बताया कि यह समर कैंप 12 मई से 15 मई तक चलेगा, जिसमें बच्चों को ड्रॉइंग, पेंटिंग, क्राफ्ट, डांस, योग, संस्कार पाठ, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. कैंप के दौरान बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
विशेष रूप से पोटका स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के प्रधानाचार्य अरविंद तिवारी के सहयोग 10 बच्चियाँ भी इस कैंप में भाग ले रही हैं, जो कैंप की विशेष उपलब्धि है. शिवम शिल्प कला केंद्र पूर्व से ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और बच्चों एवं महिलाओं के लिए समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है. इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें रचनात्मक मंच प्रदान करना है. पहले दिन आयोजित ज़ुम्बा सेशन में बच्चों के साथ पेरेंट्स ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा और उमंग का संचार हुआ. समर कैंप को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों पिंकी, ऐश्वर्या, निशा, आभा झा, माधुरी, स्वाति, हर्षा, ख्वाहिश और सोनू बिस्वाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, स्थानीय लोगों और बच्चों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया.







