
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य धाम में इस वर्ष छठ महोत्सव को सफल बनाने के लिए जहां जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है. वहीं सूर्य मंदिर समिति ने कोरोना गाइडलाइन का हर हाल में पालन करने का निश्चय किया है. छठ महोत्सव कार्यक्रम की तैयारी मंदिर समिति के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के दिशा निर्देश में की रही है. मंदिर समिति ने कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम एवं पिछले वर्षों की तरह बिना किसी लाभ हानि के पूजन सामग्रियों की बिक्री नहीं करने का निर्णय लिया है. यह जानकारी सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में दी. उनके साथ संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गूंजन यादव, समाजसेवी अखिलेश चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस वर्ष समिति की ओर से 9 नवंबर को आर्थिक रूप से कमजोर व्रतधारियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्रियों का वितरण किया जायेगा. इसके लिए पूर्वी जमशेदपुर के कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी गयी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर व्रतधारियों का पता लगाकर सूची मंदिर समिति को सौंपे. मंदिर समिति सूर्य धाम परिसर में ऐसे पांच सौ लोगों के परिजनों के बीच 9 नवंबर को पूर्वाहन 10 बजे से पूजन सामग्रियां वितरण करेगी. सूर्य मंदिर तालाब समेत पूरे मंदिर परिसर में पेंटिंग एवं सफाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है. तालाब की सफाई के बाद तालाब की सतह की नयनाभिराम पेंटिंग की जा रही है. पेंटिंग का कार्य संपन्न होने के बाद इसमें टाटा स्टील यूटिलिटीज (पहले जुस्को) का स्वच्छ जल भरा जायेगा. इस जल की पारदर्शिता आकर्षक होगी. आपको यह तालाब नीले सरोबर की तरह झीलमिल करता नजर आयेगा. तालाब के भीतर बाहर की लाइटिंग इंद्रधनुषी छठा को बिखरेगी. मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है साथ ही सूर्य मंदिर को विशेष तौर पर रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जायेगा. सूर्य मंदिर के स्वयंसेवक छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा में लगातार सक्रिय रहेंगे. पूजा के लिए मंदिर द्वार दोपहर 2:00 बजे खोल जाएगा. पहले आओ पहने पाओ की तर्ज पर व्रतधारी श्रद्धा लाभ उठा पाए. प्रेस-वार्ता के दौरान गूंजन यादव, अखिलेश चौधरी, संजय सिंह, विनय शर्मा, शशिकांत, दीपक विश्वास, विश्वनाथ सरकार व अन्य उपस्थित थे.













