जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) अपनी 11वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है. इस मौके पर संस्था की ओर से किसी भव्य आयोजन के बजाय सादे समारोह के साथ दिन भर विभिन्न मानव कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस वर्षगांठ को दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन, नारी शक्ति स्वरूपा रूपी सोरेन और पिछले कुछ दिनों में दिवंगत हुए पत्रकारों को समर्पित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पार्वती घाट के पीछे स्थित अंत्योदय भवन कुष्ठ आश्रम में भोजन वितरण से होगी. इसके बाद जमशेदपुर ब्लड सेंटर में केक कटिंग समारोह आयोजित होगा. इसमें संस्था की ब्रांड एंबेसेडर नीला निलय सेनगुप्ता, संजय चौधरी, चिकित्सकों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर समाचार पत्रों का वितरण करने वाले चार मेहनतकश कर्मियों और एक जरूरतमंद महिला को साड़ी, धोती, गमछा, टी-शर्ट सहित नए वस्त्र और सूखा राशन देकर सम्मानित किया जाएगा. वहीं, संस्था के आठ शतकवीर रक्तदाताओं को प्रतीक चिह्न प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम के अंतिम चरण में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित कैंसर रेस्ट हाउस में रह रहे मरीजों और उनके परिजनों के बीच स्वादिष्ट नाश्ते का वितरण किया जाएगा. संस्था का उद्देश्य अपनी वर्षगांठ को सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ यादगार बनाना है.












