
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केबुल कंपनी में गनमैन राजेश प्रसाद द्वारा फायरिंग कर पिंटू मुखी को घायल करने कर मामले में शुक्रवार को मुखी समाज गोलमुरी थाना पहुंचा जहां घायल पिंटू की पत्नी मालती देवी ने गार्ड के खिलाफ जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार पिंटू ने उसे बताया कि वह बर्मामाइंस में राशन लेने गया था. राशन नहीं मिलने पर वह वापस आ रहा था. रास्ते में उसे दो साथी मिले. वह साथी के साथ रुक गया. थोड़ी देर बाद उसके दोनो साथी कंपनी के अंदर गए. थोड़ी देर बाद गनमैन बाहर आया और पिंटू को चोर समझकर उसे गोली मार दी. मालती ने बताया कि उसका पति नाइट गार्ड का काम करता है. फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.



