
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव में गड़बड़ी को लेकर दायर की गई शिकायत को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायधीश कैलाश प्रसाद देव की अदालत ने खारिज कर दिया है. इसी के साथ टाटा वर्कर्स यूनियन की वर्तमान कमेटी पर मंडरा रहा खतरा समाप्त हो गया है और यह वर्तमान कमेटी की बड़ी जीत के रुप में देखा जा रहा है. यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू और उनकी टीम की बड़ी जीत है और इस साजिश में पर्दे के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले एक पूर्व अध्यक्ष को करारा झटका लगा है. टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनाव इसी साल जनवरी माह में हुआ था. चुनावी प्रक्रिया को यूनियन के सदस्य सुनील सिंह ने असंवैधानिक बताते हुए श्रम अधीक्षक के यहां शिकायत किया. इस बीच यूनियन के चुनाव पदाधिकारी ने श्रम अधीक्षक को लिखित रुप से जवाब सौंप चुनाव प्रक्रिया संवैधानिक होने की जानकारी दिया और चुनाव संपन्न हो गया और यूनियन के संविधान के अनुसार 214 कमेटी मेंबर चुने गए. फिर कमेटी मेंबरों ने संजीव कुमार चौधरी टुन्नू को अध्यक्ष, सतीश कुमार सिंह को महामंत्री, शैलेश सिंह को डिप्टी प्रेसिडेंट समेत ग्यारह पदाधिकारियों का चुनाव किया. वहीं सुनील सिंह झारखंड हाईकोर्ट में रिट दायर कर शिकायत किया था. इसी की सुनवाई के दौरान जस्टिस कैलाश प्रसाद देव की अदालत ने खारिज कर दिया. यूनियन की वर्तमान कमेटी के पदाधिकारी अभी मुंबई टूर पर हैं और 26 दिसंबर को वापस जमशेदपुर शहर आएंगे.




