जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम थाना अंतर्गत माधवपुर गांव में बुधवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से पोल्ट्री फॉर्म संचालक निर्मल दास (52) की मौत हो गई. घटना दोपहर तीन बजे की है.जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के दौरान निर्मल दास अपने पोल्ट्री फॉर्म के शेड के अंदर कुर्सी पर बैठे थे. इसी दौरान तेज धमाके के साथ छत पर वज्रपात हुआ. इसकी चपेट में आने से निर्मल दास अचेत होकर गिर पड़े.घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.(नीचे भी पढ़े)

निर्मल दास के अनुज दीपक दास ने बताया कि वह अन्य दिनों की तरह पोल्ट्री फॉर्म में काम कर रहे थे. दोपहर में बारिश शुरू होने पर वे शेड के अंदर कुर्सी पर बैठे थे. तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए.बताया जाता है कि निर्मल दास सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे और पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे थे. वे दिवंगत भाजपा नेता हराधन दास के चचेरे भाई थे. उनके परिवार में पत्नी, 16 वर्षीय पुत्र और दो पुत्रियां हैं. दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है.घटना के बाद माधवपुर गांव में शोक का माहौल है. सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित एमजीएम अस्पताल पहुंचे और निर्मल दास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया.







