जमशेदपुर : ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार की सुबह सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया. इसके तहत गोलमुरी यातायात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरडी टाटा गोलचक्कर से सुनसुनिया गेट तक और केबुल टाउन से ट्यूब गेट तक अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे खड़े 25 बड़े वाहनों पर जुर्माना किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इनसे प्रति वाहन ₹1000 जुर्माना वसूला जाएगा. इस तरह पकड़ाये वाहनों से जुर्माना के रूप में कुल ₹25000 वसूल किये जायेंगे. सड़क के दोनों किनारे ट्रक, ट्रेलर, हाइवा आदि की अवैध तरीके से पार्किंग किये जाने से सड़क संकरी होने के कारण यातायात में दिक्कत हो रही थी. गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी ने अभियान चलाकर यहां खड़े वाहनों के मालिकों से जुर्माना वसूल किया. इसके अलावा केबुल टाउन से टीटीएस होते हुए ट्यूब गेट तक भी अवैध पार्किंग की गई थी. उनसे भी अवैध जुर्माना वसूला गया है. यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि मुख्य सड़क के किनारे अपने बड़े वाहन पार्क न करें, इससे यातायात प्रभावित होता है.



