
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई रेलवे फाटक पर मंगलवार की दोपहर एक मालगाड़ी का इंजन आचानक फेल हो गया, जिससे मालगाड़ी फाटक के बीचों-बीच रुक गई. इधर मालगाड़ी रुके रहने से फाटक पर आवागमन ठप हो गया. सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. पैदल आने जाने वालों ने तो जान हथेली पर रखकर मालगाड़ी के बीच से ही पार होने का जोखिम उठा डाला और जो लोग अपने वाहन से थे वे लोग रास्ता बदलकर जुगसलाई की ओर जाने लगे. हालांकि, लोको पायलट ने इसकी सूचना टाटानगर स्टेशन के पदाधिकारियों को दे दी थी. जिसके बाद टाटानगर स्टेशन से दूसरे इंजन को भेजा गया, फिर मालगाड़ी को स्टेशन की ओर ले जाया गया. मालगाड़ी का इंजन फेल होने से मालगाड़ी करीब आधे घंटे तक फाटक पर खड़ी रही. इधर कुछ लोग घोड़ा चौक की ओर से आना-जाना करने लगे. जिससे उक्त सड़क भी जाम हो गई. मालगाड़ी के जाते ही फाटक खोलने के बाद भी दोनों ओर से जाम की स्थिती बनी रही. धीरे-धीरे जाम हटा, तो सभी ने राहत की सांस ली.







