जमशेदपुर : स्वर्गीय ठाकुर सिरोमन सिंह जी की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके नाम से स्थापित शिरोमण सिंह एकेडमी स्कूल परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थापित स्वर्गीय ठाकुर शिरोमण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. कार्यक्रम में शिरोमण सिंह मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन मथुरा सिंह, ट्रस्टी अनीता सिंह, सचिव प्रिंस सिंह, कोषाध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह, ट्रस्टी सत्यम सिंह, विद्यालय की प्राचार्या लता मानकर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया. उपस्थित सभी लोगों ने मौन रखकर स्वर्गीय ठाकुर शिरोमण सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर शिरोमण सिंह के आदर्श, विचार और शिक्षा के प्रति उनकी दूरदृष्टि आज भी समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनके नाम पर स्थापित शिरोमण सिंह एकेडमी स्कूल उनके शिक्षा के प्रति समर्पण और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है. श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वर्गीय ठाकुर शिरोमण सिंह के बताए आदर्शों एवं मार्गदर्शन पर चलने तथा शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया. अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने स्वर्गीय ठाकुर शिरोमण सिंह को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके संस्कार, आदर्श और स्मृतियां सदैव हम सभी के हृदय में जीवित रहेंगी.




