सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के बांधडीह पंचायत के भालुबासा गांव स्थित बांधडीह चौक पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में संजीप महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मिली जानकारी के अनुसार, संजीप महतो अपने पिता को गम्हरिया स्थित अपने मामा के घर छोड़ने गया था. पिता को वहां छोड़ने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बांधडीह चौक के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि संजीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है. वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है. इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही संजीप के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद भालुबासा गांव में मातम पसरा हुआ है.




