जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से संस्थान के प्रयाग कक्ष में मासिक “कथा मंजरी” एवं हिन्दी साहित्य के 6 साहित्यकारों, जैनेन्द्र कुमार, मोहन राकेश, वृंदावन लाल वर्मा, शमशेर बहादुर सिंह, रांगेय राघव एवं जय शंकर प्रसाद की जयंती समारोह का आयोजन किया गया. दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ आयोजन में साहित्य समिति के उपाध्यक्ष अशोक पाठक स्नेही ने आगत साहित्यकारों का स्वागत किया. इसके उपरान्त हिन्दी के छह साहित्यकारों जैनेन्द्र कुमार, मोहन राकेश, वृंदावन लाल वर्मा, शमशेर बहादुर सिंह, रांगेय राघव एवं जय शंकर प्रसाद की जयंती के अवसर पर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्रमश: अरुणा झा, माधुरी मिश्रा, कैलाशनाथ शर्मा गाजीपुरी, अशोक पाठक ‘स्नेही, ममता कर्ण एवं डॉ वीणा पाण्डेय ‘भारती’ ने उनका साहित्यिक परिचय प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दूसरे सत्र ‘कथा मंजरी’ में विभिन्न विषयों को स्पर्श करती कुल 11 कहानियों का पाठ हुआ. इनमें वसंत जमशेदपुरी ने अपनी कहानी बड़े बूढे, नीता सागर चौधरी ने भूख, माधुरी मिश्रा ने सुबह का भूला लौटा, डॉ अरुण कुमार शर्मा ने ऐसे थे वे, सुरेश चन्द्र झा ने देवी कृपा, ममता कर्ण ने जरा सोचिए, अरुणा झा ने अन्तर, डॉ उदय प्रताप हयात ने ओले पे ओले, आरती श्रीवास्तव विपुला ने बदलते रिश्ते, पूनम सिंह ने फिर हर्ष के अंकुर फूटने लगे एवं रीना गुप्ता ने बेटा पराया हो गया पढ़ी. साहित्य समिति के उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र झा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर मुख्य रूप से तुलसी भवन के साहित्य समिति के सचिव डॉ अजय कुमार ओझा, कैलाश नाथ शर्मा ‘गाजीपुरी’ , दिव्येंदु त्रिपाठी, महानंद, कवलेश्वर पाण्डेय, वीणा पाण्डेय भारती, रीना गुप्ता, वसंत कुमार, मनोज कुमार, केनेडी सोय, अमित महतो सहित अनेक साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे.















