जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) लेबर यूनियन और यूसिल प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में यूसिल लेबर यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव बीरबल सिंह एवं अन्य सदस्य जबकि यूसिल प्रबंधन की ओर से राकेश कुमार, आरके सिंह (उप महाप्रबंधक – पी एंड आईआरएस) मौजूद थे. इस दौरान यहां वार्षिक प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की मांग की गयी. यूसिल लेबर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने प्रस्ताव रखा कि कर्मचारियों को दी जाने वाली वार्षिक प्रोत्साहन राशि में प्रतिवर्ष 20% की वृद्धि की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अतिरिक्त, प्रोत्साहन राशि का ब्लॉक वर्ष अक्टूबर-सितंबर से बदलकर अप्रैल-मार्च करने का सुझाव भी दिया गया. इसके अलावा चिकित्सा सुविधा में संशोधन किया जाये. बैठक में निर्णय लिया गया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को चिकित्सा सुविधा केवल टाटानगर अस्पताल तक सीमित रहेगी. कर्मचारियों के लिए वर्दी की मांग की गयी. स्थानीय भू-विस्थापितों को रोजगार में प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
यूसिल लेबर यूनियन द्वारा आग्रह किया गया कि स्थानीय भू-विस्थापित लोगों को रोजगार देने में प्राथमिकता दी जाए, जिससे सामाजिक और स्थानीय संतुलन बना रहे. उप महाप्रबंधक (पी एंड आईआरएस) आरके सिंह ने सभी उठाए गए मुद्दों पर जांच कर उचित स्तर पर प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सभी मांगों पर उच्च अधिकारियों को सूचित कर आगे की कार्यवाही की जाएगी. बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा दोनों पक्षों ने आपसी संवाद एवं समाधान की भावना के साथ मुद्दों पर चर्चा की. आगामी बैठकों में इन बिंदुओं पर ठोस निर्णय की उम्मीद की जा रही है.












