
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने शनिवार की दोपहर तीन बजे से लेकर रविवार की शाम 7 बजे तक सभी सब्जी बाजार को बंद करने का आदेश दिया है. इस आदेश के आलोक में शनिवार को तीन बजे से पुलिस द्वारा सब्जी बाजारों को बंद करा दिया गया. वैसे खुद से दुकानदारों ने भी सब्जी बाजार को बंद कर दिया था लेकिन कुछेक जगहों पर पुलिस द्वारा दबिश दी गयी. जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वणन समेत तमाम वरीय अधिकारियों ने पुलिस वालों को ब्रीफ किया कि उनको खुद को सतर्क रखना होगा और बिना मास्क और ग्लब्स के ड्यूटी नहीं करना है.

लेकिन इसके बावजूद साकची बाजार में सब्जी दुकानों को बंद कराते हुए कुछेक पुलिसवाले मास्क बिना ही ड्यूटी करते नजर आये जबकि कई पुलिसवाले मास्क पहने हुए थे. इस बीच सोनारी थाना प्रभारी ने जमशेदपुर के डीसी और एसएसपी के आदेश से भी दो कदम आगे निकलते हुए पूरे बाजार को ही बंद कर दिया. सोनारी कागलनगर समेत अन्य तमाम बाजारों को ही बंद करा दिया. इसको लेकर बकायदा माइक से एनाउंसमेंट भी कर दिया गया. हालांकि, ऐसा कोई आदेश नहीं है. आदेश है कि सिर्फ सब्जी बाजार ही बंद रहेगी. सोमवार से सामान्य तौर पर सब्जी बाजारों को भी खोला जा सके.

इसके अलावा बाजारों को रात 9 बजे तक जैसे खोलने का आदेश है, वह सारी दुकानें खुली रहेगी. जिस पर पहले से पाबंदी है, वह पाबंदी बरकरार है. इसको लेकर किसी तरह का कोई कंफ्यूजन नहीं है. बावजूद इसके कुछेक जगहों पर सब्जी दुकानों को छोड़कर भी कुछेक दुकानों को बंद करा दिया गया. सब्जी बाजारों को बंद करने के बाद सभी जगह सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है ताकि संक्रमण को रोका जा सके. सब्जी बाजारों में संक्रमण का काफी खतरा था, जिसको लेकर यह कदम उठाया गया.
परसुडीह क्षेत्र में जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कराया सब्जी बाजार का सैनिटाइजेशन
परसुडीह समेत आसपास के इलाके में जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह द्वारा परसुडीह के तमाम बाजारों का सैनिटाइजेशन कराया गया. इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने मदद भी की. पूरे बाजार को सैनिटाइज किया गया. खुद राजकुमार सिंह ने इसके लिए पहल शुरू की और खुद से पूरे एरिया के बाजारों को सैनिटाइज कराया.






