जमशेदपुर : मानगो के मानगो क्लिनिक में इलाज के बाद युवक की हुई मौत के मामले में मृतक के परिजनों ने वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर इस मामले में पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की शिकायत की है. मृतक के पिता ने अपने पत्र में लिखा है कि विगत 27 मार्च को उनके पुत्र के संबंध धारा 103 (1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद भी आज 31 मार्च तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि धारा 103(1) यानी हत्या जैसे गंभीर एवं संज्ञेय धाराओं में बिना वारंट के भी गिरफ्तारी की जा सकती है, फिर भी नामजद आरोपी, डॉ बदर एवं डॉ अजय प्रसाद की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के पिता, महमूद आलम ने यह भी सवाल उठाया है कि बच्चा एवं घटना दोनों मानगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के बावजूद इस संबंध में परसुडीह थाने में मामला क्यों दर्ज किया गया, यह समझ से परे है. इसके आलोक में उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक से अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने के कारणों की जांच करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित किये जाने के साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है.



