जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के नवनियुक्त सीनेट सदस्य सोनू ठाकुर ने जमशेदपुर स्थित परिसदन में झारखंड की राज्यपाल एवं कुलाधिपति संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट की. श्री ठाकुर ने शॉल ओढ़ाकर एवं भगवत गीता भेंटकर स्वागत किया. इस भेंट का मुख्य उद्देश्य कोल्हान विश्वविद्यालय में व्याप्त महत्वपूर्ण समस्याओं से राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर उन्हें अवगत कराना था. श्री ठाकुर ने राज्यपाल का ध्यान सबसे पहले विश्वविद्यालय के अंतर्गत कार्यरत एजेंसी स्टाफ को पिछले 11 माह से वेतन नहीं मिलने की ओर आकृष्ट किया. उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण इन कर्मचारियों का जीवनयापन अत्यंत कठिन हो गया है. इस विषय में विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व में एक पत्र भी सौंपा जा चुका है, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने आगे कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय में संचालित वोकेशनल पाठ्यक्रमों की स्थिति भी अत्यंत चिंताजनक है. पिछले ग्यारह महीनों से अनुबंधित शिक्षकों का अनुबंध नवीनीकरण नहीं हुआ है, और उन्हें आठ माह से वेतन भी प्राप्त नहीं हो पाया है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता बुरी तरह प्रभावित हो रही है. श्री ठाकुर ने राज्यपाल को जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज की जर्जर अवस्थिति की जानकारी भी दी. उन्होंने कहा कि यह भवन कई वर्षों से क्षतिग्रस्त है, और इसके बारे में जनप्रतिनिधियों से लेकर उपायुक्त, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा विश्वविद्यालय प्रशासन तक सभी को सूचित किया जा चुका है, परंतु कोई समाधान अब तक नहीं निकला. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सुझाव दिया कि या तो इस भवन को पूर्णतः ध्वस्त कर नवीन भवन का निर्माण किया जाए अथवा कॉलेज को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए, ताकि कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें. राज्यपाल के समक्ष श्री ठाकुर ने राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी 2020) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक राज्य स्तरीय “एनइपी टास्क फोर्स” के गठन का भी सुझाव प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि इस टास्क फोर्स में विभिन्न विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, नीति विशेषज्ञों तथा उद्योग प्रतिनिधियों को सम्मिलित किया जाए, जो राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता की सतत निगरानी कर सके और समय-समय पर नीति से संबंधित सुझाव राज्यपाल को प्रेषित करे. यह टास्क फोर्स सीधे महामहिम राज्यपाल के अधीनस्थ कार्य करे, जिससे राज्य में एक सक्षम, सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा सके. सीनेट सदस्य सोनू ठाकुर ने राज्यपाल से यह भी आग्रह किया कि झारखंड राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में राज्यपाल द्वारा नामित सीनेट एवं सिंडिकेट सदस्यों की एक संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जाए, जिससे राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और संभावनाओं पर एक साझा मंच पर समन्वित चर्चा हो सके. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठक से सभी विश्वविद्यालयों में कार्य के लिए समान दिशा एवं नीति निर्धारण में मदद मिलेगी. राज्यपाल ने श्री ठाकुर के सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अपने एडीसी को निर्देशित किया कि उक्त बैठक को शीघ्र आयोजित किया जाए तथा अन्य उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की करने का आश्वासन दिया. सोनू ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि वह कोल्हान प्रमंडल की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे और क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं. श्री ठाकुर ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया.











