
जमशेदपुर : झारखंड के दो मंत्री जमशेदपुर में रहते है. पेयजल मंत्री खुद जमशेदपुर में ही रहते है. लेकिन अफसोस की बात यह है कि जमशेदपुर के मानगो में पांच दिनों से पानी नहीं था. पानी मानगो में आया तो बागबेड़ा में पानी की आपूर्ति बंद हो गयी. लाखों की आबादी फिर से पानी के लिए परेशान हो गयी. मानगो में भी मोटर खराब था, जो बनने में पांच दिन लग गया जबकि बागबेड़ा इलाके में दो दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो पायी. बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को पानी देने वाला मोटर जल गया है और उसको दूसरे दिन भी नहीं बना सका. जमशेदपुर में टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को भी पानी देती है. कभी ऐसे हालात विरले ही अब तक सौ साल में सुनायी दिये होंगे. सरकार जुस्को से लाख गुणा बड़ा है. संसाधन है, लेकिन फिर क्यों नहीं जनता को पानी पिला पा रही है सरकार. जनता के पैसे से मोटर की कीमत का हजार गुणा ज्यादा का तेल मंत्री जी की गाड़ी पर खर्च होता है, लेकिन मोटर नहीं बन पा रहा है. एक अदद स्टैंडबाइ मोटर तक नहीं रख पाते है. जाकर जुस्को के वाटर मैनेजमेंट सिस्टम को देखिये, उसको आत्मसात कीजिये ताकि जमशेदपुर में दो तरह की नागरिकता लोगों को नहीं मिले और सबको पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित होना नहीं पड़े. बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस का मोटर का रोटर जल जाने के कारण दूसरे दिन भी बागबेड़ा कॉलोनी में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई. उप मुखिया सुनील गुप्ता ने बताया कि बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस का मोटर की मरम्मती का कार्य चल रहा है. बिष्टुपुर पंप हाउस का पंप का दो बियरिंग टूटा हुआ है. इसके अलावे मोटर का बियरिंग टूटा हुआ है, जो कि यहां नहीं मिल पा रहा है. मोटर का स्ट्रेटर, फैन कांभर साइज का नहीं है और वही मोटर का रोटर ब्लास्ट होने के कारण मोटर की मरम्मती शनिवार को भी नहीं हो पाई. हालांकि कार्यरत मिस्त्री देर रात तक मोटर को ठीक करने में लगे हुए हैं. संभावना व्यक्त की जा रही है कि रविवार को भी मोटर की मरम्मती नहीं हो पाएगी क्योंकि जले हुए मोटर का पार्ट्स यहां नहीं मिल पा रहा है. वहीं दूसरी तरफ मोटर जल जाने के कारण बागबेड़ा मध्य पंचायत एवं बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में 6000 लीटर वाली दोनो टैंकर से कुल 6 ट्रिप पूरे बागबेड़ावासियों के बीच पीने की पानी दी गई है. वही बागबेडा कॉलोनी के लोग नजदीकी चापाकल एवं चापाकल में लगे समरसेबल पंप से पीने का पानी भरे. इस दौरान जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया बाहामुनि हेंब्रम, प्रतिमा मुंडा, उप मुखिया सुनील गुप्ता उपस्थित थे. जिवितिया परब को मध्यनजर रखते हुए रविवार को भी दोनों टैंकर से पीने का पानी की आपूर्ति की जाएगी. उप मुखिया सुनील गुप्ता ने बताया कि जीवितिया पव को मध्यनजर रखते हुए कल भी 6000 लीटर वाली दोनो टैंकर से बागबेड़ा कॉलोनी वासियों के बीच पीने की पानी की आपूर्ति की जाएगी और मोटर मरम्मति का कार्य को पूरा करवाने की कोशिश भी की जाएगी ताकि शाम तक पानी की आपूर्ति बागबेड़ा कॉलोनी वासियों के बीच में हो सके.



