
जमशेदपुर : झारखंड में सरकार लंबी लंबी बातें कर रही हो, लेकिन पानी तक पिला पाने में सरकारी तंत्र फेल हो रहा है. हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पांच दिनों तक मानगो में मोटर की खराबी के कारण पानी की आपूर्ति बंद था. लेकिन अब मानगो में फिर से पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है. अब बागबेड़ा क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बंद हो गयी है. उपमुखिया सुनील गुप्ता ने बागबेड़ा में जलापूर्ति बाधित होने की पुष्टि की है. बागबेड़ा कॉलोनी एवं बागबेड़ा मध्य पंचायत के लोगों को सूचित करते हुए कहा कि बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस में मोटर का बैरिंग एवं बुश लूज हो जाने के कारण बैरिंग टूट गया है, जिसकी वजह से मोटर का रोटर जल गया है. इस कारण शुक्रवार को सुबह एवं शाम पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है. उप मुखिया सुनील गुप्ता ने संभावना जतायी है कि 21 सितंबर को भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी. हालांकि कार्यरत मिस्त्री बिष्टुपुर फिल्टर पंप हाउस से मोटर को निकालकर रोटर की मरम्मती कर रहे हैं. कार्य प्रगति पर है. श्री गुप्ता ने बागबेड़ा की जनता से आह्वान किया है कि लोग अपने स्तर से पानी का उपयोग अपने नजदीकी चापाकल से करें. फिलहाल पानी की समस्या को दूर करने के लिए पानी का टैंकर की व्यवस्था की गई है, जिसे पीने का पानी भर सकते हैं. 6000 लीटर वाली पानी का टैंकर एक बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत दूसरा बागबेड़ा मध्य पंचायत के लोगों के बीच में उपलब्ध रहेगा, जिसे पीने का पानी लोग भर सके. पानी की आपूर्ति नहीं होने से बागबेड़ा कॉलोनी के ग्यारह सौ घर प्रभावित हो रहे हैं. पानी उपभोक्ता इसके एवज में 100 रुपये मासिक शुल्क पंचायत के जल सहिया के पास जमा करते हैं और वही जमा पैसा से रिपेयरिंग का काम किया जाता है.



