जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर इला कुमार के मार्गदर्शन में ‘ऑफिसर करियर अवेयरनेस ‘सेमिनार का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम 37 झारखंड बटालियन एनसीसी जमशेदपुर यूनिट तथा एनसीसी यूनिट जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया. सेमिनार का उद्देश्य छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र सेना में कमीशंड ऑफिसर के रूप में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों प्रवेश मार्गों पात्रता चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक तैयारी के संबंध में जागरूक करना था. कार्यक्रम में लगभग 100 छात्राओं एवं कैडेट्स ने उत्साह पूर्वक भाग लिया और रक्षा सेवा में करियर बनाने में अपनी गहरी रुचि प्रदर्शित की. सेमिनार की मुख्य वक्ता कैप्टन निखिल ने भारतीय सशस्त्र सेना में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों और अधिकारी के रूप में प्रवेश के मार्गों पर विस्तृत एवं प्रेरणादाई संबोधन दिया. उन्होंने छात्राओं को अधिकारी बनने की संपूर्ण चयन प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से समझाते हुए बताया कि किस प्रकार इस प्रकार की सेवाओं में अपना योगदान दे सकती हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं एवं एसएसबी में सफलता प्राप्त करने के लिए छात्राओं को सुनियोजित रणनीति अपनाने की सलाह दी विशेष रूप से नियमित गंभीर अध्ययन, शारीरिक क्षमता का मजबूत होना, संचार एवं अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करते हुए राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय समसामयिक घटनाओं से स्वयं को परिचित रखना आवश्यक है. जिम्मेदारियां को स्वीकारना और नेतृत्व क्षमता का विकास भी अत्यन्त आवश्यक है. कैप्टन अदिति यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि वह उन पांच महिला अधिकारियों में से एक है जिन्हें इंडियन आर्मी की आर्टिलरी रेजिमेंट में कमीशन किया गया है. उनके साथ संवाद करना छात्राओं एवं विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव एवं प्रेरणादायक रहा. उन्होंने अपने अनुभव का साझा करते हुए छात्राओं को साहस आत्मविश्वास समृद्ध संकल्प के लिए तथा रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने एनसीसी तथा सीडीएस सहित डिफेंस सर्विसेज में प्रवेश से संबंधित छात्राओं एवं कैडेट्स के प्रश्नों का उत्तर दिए. छात्राओं का संवाद मैडम मोनिका के साथ भी हुआ, जिसमें रक्षा सेवा में कैरियर एवं प्रवेश से जुड़े विभिन्न प्रश्नों और शंकाओं का समाधान किया. कार्यक्रम का सफल संचालन सीटीओ डॉ रूपाली पात्रा ने किया. कार्यक्रम में पूर्व सीटीओ साजिद एवं प्रीति का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. एनसीसी कैडेट्स तान्या, पायल, पलक शिप्रा, रितु दास, मल्लिका एवं रंजीता ने भी कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक गण एवं छात्राएं एवं कैडेट्स उपस्थित थे.




