जमशेदपुर : नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) ने जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में खूंटी को 5–2 से हराकर नवल टाटा हॉकी झारखंड सब-जूनियर स्टेट चैंपियनशिप 2026 (पुरुष) का खिताब अपने नाम किया. समापन समारोह में टाटा स्टील, हॉकी ऐस फाउंडेशन और हॉकी झारखंड के कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. इनमें टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी सह हॉकी ऐस फाउंडेशन के निदेशक अतुल भटनागर एवं हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीइओ और टाटा स्टील फाउंडेशन के हेड स्किल डेवलपमेंट कैप्टन अमिताभ, टाटा स्टील के कारपोरेट सर्विसेज के बिजनेस फाइनेंस के हेड और हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीएफओ अनुज मेहेंदिरत्ता तथा हॉकी ऐस फाउंडेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और हॉकी झारखंड के एसोसिएट ज्वाइंट सेक्रेटरी गुरमीत सिंह राव शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
सिमडेगा और रांची के बीच तीसरे स्थान के लिए खेला गया मुकाबला निर्धारित समय तक 1–1 की बराबरी पर रहा. इसके बाद शूटआउट में रांची ने 3–2 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। रांची के अनमोल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में एनटीएचए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खूंटी को 5–2 से हराकर खिताब अपने नाम किया. अपने शानदार प्रदर्शन के लिए खूंटी के साहिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. चैंपियनशिप में शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें बेस्ट फॉरवर्ड: राहुल डोडराय – खूंटी, बेस्ट मिडफील्डर: प्रवीन – खूंटी, बेस्ट डिफेंडर: सुखु गुरिया – एनटीएचए, बेस्ट गोलकीपर: अनमोल सोय – रांची, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: जॉन धन – रांची शामिल है. सब-जूनियर चैंपियनशिप के सफल समापन के बाद, एनटीएचए अब 12 से 14 अगस्त तक नवल टाटा हॉकी झारखंड जूनियर स्टेट हॉकी चैंपियनशिप 2026 (पुरुष) की मेजबानी करेगा. जूनियर चैंपियनशिप में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो पुल में बांटा गया है. पुल ए में एनटीएचए, खूंटी, गुमला और जामताड़ा और पुल बी में सिमडेगा, रांची, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम शामिल है. एक और राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के तुरंत शुरू होने के साथ, एनटीएचए युवा हॉकी खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने, अपने खेल कौशल को विकसित करने और इस खेल में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है.




