
जमशेदपुर : कोरोना वायरस पर नियंत्रण पाने की दिशा में झारखंड सरकार लगातार प्रयासरत है. इसके साथ ही लॉकडाउन में भी लगातार ढील दी जा रही है. इसके तहत मॉल वगैरह खोलने की अनुमति दे दी गयी है. लेकिन पार्कों को अभी तक नहीं खोला गया है. इसे लेकर गुरुवार को यूथ इंटक का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा. वहां प्रतिनिधिमंडल की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से जमशेदपुर शहर के पार्कों को खोलने की अनुमति देने की मांग की गयी है. कहा गया है कि पार्क मनोरंजन का साधन हैं. लॉकडाउन के दौरान लगातार तनावपूर्ण स्थिति से गुजरने के कारण लोगों पर बुरा प्रभाव पड़ा है. पार्क बंद हो जाने की वजह से छोटे-छोटे बच्चों के मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है. इस कारण उनके डिप्रेशन में जाने की आशंका बनी रहती है. जमशेदपुर शहर में पार्कों की आधारभूत संरचना काफी मजबूत है. अत: शहरवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पार्कों को खोने की अनुमति प्रदान की जये. प्रतिनिधिमंडल में यूथ इंटक की शिखा चौधरी, उषा सिंह समेत अन्य सदस्य शामिल थीं.











