जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती निवासी संजय कुमार (43) ने शनिवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. रविवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है. यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया. परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची कदमा पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया. (नीचे भी पढ़ें)
संजय कुमार पेशे से पेंटर था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी. परिजनों के अनुसार, संजय और उसकी पत्नी के बीच अक्सर नोकझोंक होती रहती थी. वर्ष 2011 में दोनों की शादी हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय स्वभाव से शांत था, लेकिन पारिवारिक तनाव के कारण वह पिछले कुछ समय से परेशान रहने लगा था. हालांकि, आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है. पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं. एक हंसता-खेलता परिवार इस हादसे से टूट गया है और मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है.















