
जमशेदपुर : चाईबासा के पूर्व विधायक पुतकर हेम्ब्रम का मंगलवार देर रात टाटा मुख्य अस्पताल में निधन हो गया है. डॉक्टरों के अनुसार मंगलवार रात करीब 10: 30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली. विदित हो कि कुछ दिन पूर्व बाथरूम में गिरने की वजह से उनके सिर के अंदरूनी हिस्से में गहरी चोट लगी थी. उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां वे जिंदगी का जंग हार गए. सूचना मिलते ही भाजपा सहित तमाम राजनीतिक दलों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. राजनीति में आने से पहले श्री हेंब्रम टाटा कॉलेज चाईबासा के हो भाषा के प्रोफेसर और आकाशवाणी चाईबासा के उद्घोषक के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
आरएसएस से जुड़कर सबसे पहले उन्होंने किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों की आवाज बनकर उभरे. उनकी साफ छवि को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और वे चाईबासा के विधायक बने. स्वर्गीय हेंब्रम स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी के रूप में भी अपने दायित्व को बखूबी निभा चुके हैं. संगठन के साथ जुड़ना और जोड़े रखना उनकी विशेष शैली थी. वे काफी मिलनसार और मृदुभाषी थे. बुधवार को उनका पार्थिव शरीर चाईबासा लाया जाएगा. जहां आदिवासी रीति- रिवाज के साथ पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा.



