जमशेदपुर : विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ को लेकर झारखंड भाजपा ने प्रदेश स्तरीय 7 सदस्यीय समिति का गठन किया है. समिति के संयोजक राकेश प्रसाद बनाए गए हैं, जबकि जमशेदपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को भी समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि वीबी जी राम जी (मनरेगा का वैकल्पिक नाम) बिल से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक दुष्प्रचार के विरुद्ध पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस कांफ्रेंस एवं जन-जागरूकता अभियान चलाएगी. इस अभियान की रणनीति को लेकर बुधवार की संध्या भाजपा की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगे की कार्ययोजना तय की गई. ग्रामीण रोजगार, आजीविका और केंद्र सरकार की गारंटी योजनाओं की वास्तविकता जनता तक पहुंचाने में सात सदस्यीय समिति की भूमिका अहम मानी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
आज भाजपा की केंद्रीय टोली के द्वारा सभी प्रदेश के नामित लोगों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया. बैठक को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने सभी का मार्गदर्शन किया और आगामी दिनों की कार्ययोजना की जानकारी साझा की. विकसित भारत_गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन(ग्रामीण) झारखंड प्रदेश कमिटी में संयोजक सह पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा पवन साहू, पूर्व विधायक देवघर नारायण दास, जमशेदपुर के पूर्व भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा विभूति भूषण सिंह को बनाया गया है.















