
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धि एवं प्रदेश सरकार की असफलता बताने को जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्व मंत्री सह चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी ने संबोधित किया. बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. रैली को संबोधित करते हुए अमर बाउरी ने कोरोना काल में जुगसलाई विधानसभा सहित जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं द्वारा समर्पण भाव से किए गए सेवा कार्यों की जमकर प्रशंसा की। मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगांठ को ऐतिहासिक बताते हुए अमर बाउरी ने कहा कि दूसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन में ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए. मोदी सरकार द्वारा प्रथम वर्ष के दौरान वर्षों से लंबित मामले का शालीनता से निपटारा हुआ. पूर्व मंत्री सह चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर हमला बोलते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही प्रदेश में कानून व्यवस्था रसातल में चली गयी है. प्रतिदिन प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की जानकारी मिलती है, जो सरकार की असफलता बयां करती है. सरकार हर मोर्चे पर फेल है, नक्सली फ़िर से हावी हो रहे हैं. एक ओर लेवी, आगजनी की घटना में वृद्धि हुई है, वहीं दूसरी ओर नक्सली शहर में पांव पसार रहे हैं. पूर्व की सरकार के दौरान लागू किए गए जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने पर अमर बाउरी ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि राज्य सरकार में विजन की कमी है. प्रदेश सरकार नई योजनाओं को लागू करने के बजाय पूर्व सरकार द्वारा लागू की गई महिलाओं के हित में एक रूपये जमीन रजिस्ट्री एवं किसानों के उत्थान व प्रोत्साहन के लिए कृषि आशीर्वाद जैसे योजनाओं को बंद कर रही है. पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार व गुंडाराज कायम है. सत्ताधारी दल के नेता व बड़े विधायक ठेका की डील करने में व्यस्त हैं. आदिवासियों के नाम पर बनी सरकार सिदो कान्हू के वंशज की निर्मम हत्या पर चुप्पी साधे है. इस दौरान जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, मोचीराम बाउरी, अनिल मोदी, हलदर नारायन साह, संदीप मिश्रा, विमल जालान, आलोक वाजपेयी, धर्मेंद्र प्रसाद, अंकित आनंद, अमरजीत सिंह, राकेश सिंह, प्रभाकर प्रसाद, गौतम प्रसाद, बिमल बैठा, पंकज सिन्हा, प्रकाश जोशी, मंटू चरण दत्ता, जितेंद्र राय, सुशील चंद्र महतो, कृपा सिंधु महतो, अंजन सरकार, परेश दत्ता, अनमोल वर्मा, रंजन सिंह, दीपू सिंह, जय कुमार सिंह, हेमेंद्र जैन, त्रिदेव चट्टराज व अन्य शामिल रहे.

निरसा विधानसभा के वर्चुअल सभा में डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने किया संबोधित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के आशा एवं उम्मीदों के किरण हैं. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के आशा हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश कोविड 19 के खिलाफ लड़ रहा है वहीं देश के 80 करोड़ लोगों को नवम्बर महीने तक मुफ्त अनाज देने की घोषणा कर केन्द्र की मोदी सरकार ने अंत्योदय के लक्ष्य को साकार किया है. डॉ गोस्वामी पार्टी द्वारा आयोजित निरसा विधानसभा के वर्चुअल सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित संबोधित कर रहे थे. डॉ गोस्वामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान से देश मजबूत बनकर उभरेगा. कृषि, कुटीर, लघु तथा मध्यम दर्जे के उद्योगों के प्रोत्साहन से देश में रोजगार के नवीन अवसर सॄजित होंगे. ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी. उन्होंने लोगों से ‘चीनी सामान भारत छोड़ो’ तथा स्थानीय एवं देशज वस्तुओं के प्रति लगाव बढ़ाने का आह्वान किया. डॉ गोस्वामी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को बतलाते हुए कहा कि प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण कर तथा 9 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस सिलिंडर एवं कनेक्शन देकर केन्द्र की भाजपा सरकार ने महिलाओं के प्रति सम्मान भाव को दर्शाया है. वस्तुतः गरीबों के उत्थान हेतु अनेकानेक योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने गाँव, किसान, मजदूर, युवा तथा महिलाओं के सशक्तिकरण का कार्य किया है. सभा में स्वागत भाषण धनबाद जिला अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह ने दिया जबकि धन्यवाद ज्ञापन निरसा के विधायक अपर्णा सेनगुप्त ने किया. इस वर्चुअल सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं लोग सम्मिलित हुए.





