बोकारो: बोकारो में हवाई अड्डा विस्तार और चहारदीवारी निर्माण को लेकर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शनिवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. बीएसएल सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे कार्रवाई करने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने अचानक पथराव कर दिया. इस घटना में दो सुरक्षा जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, प्रशासन और बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की ओर से पिछले कई दिनों से एयरपोर्ट विस्तार के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. शनिवार को सूचना मिली थी कि सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे कुछ लोगों ने नई जगह पर अवैध कब्जा कर छह से सात घर बना लिए हैं. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की. कब्जाधारियों ने विरोध जताते हुए अचानक सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते इलाके में अफरातफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. पथराव में दो जवान घायल हो गए, जबकि अन्य सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया. घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया.प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जाएगी. अधिकारियों ने साफ कहा है कि एयरपोर्ट विस्तार कार्य में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.







