अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो सेक्टर 4 स्थित चौहरमल मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को राजा राहु की पूर्ण आस्था एवं धूमधाम से पूजा-अर्चना की गयी. दुसाध जागरण मंच की ओर से आय़ोजित इस पूजा समारोह में बड़ी संख्या में दुसाध समाज के महिला-पुरुष एवं बच्चों ने शिरकत की. (नीचे भी पढ़ें)
दुसाध जागरण मंच की ओर से यहां सेक्टर 4 स्थित चौहरमल मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में आज पूरे विधि-विधान से राजा राहु की पूजा-अर्चना की गयी. इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आये दुसाध समाज के लोगों ने शिरकत की. पूजा संपन्न करा रहे भगत ने दो धारी तलवार पर चढ़कर बांस पर चढ़े, खौलते खीर में हाथ डालकर खीर को चलाया एवं धधकते अंगारों पर होकर चले. उनके पीछे-पीछे समाज के सभी श्रद्धालुओं ने भी आग पर चल कर राजा राहु के प्रति अपनी भक्ति का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
समाज की मान्यता के अनुसार राजा राहु सत्य के प्रतीक हैं, जिनके मन में कोई छल कपट नहीं हो वही आग में प्रवेश करेंगे एवं इस दौरान उन्हें कोई क्षति भी नहीं होगी. लेकिन जिनके मन में छल हो अगर वे आग में प्रवेश करते हैं तो उन्हें क्षति का सामना करना पड़ेगा.




