बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर में बुधवार को पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इस संबंध में बोकारो जिले के रानी पोखर थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार राय की शिकायत पर बोड़ाम थाना में तीन नामजद समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. सूत्रों के अनुसार, बोकारो से आए श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे. गाड़ी पार्किंग को लेकर उनका स्थानीय युवकों से विवाद हो गया. स्थानीय दुकानदारों द्वारा गेट के बजाय बगल में गाड़ी लगाने की बात कहने पर कुछ श्रद्धालु आपत्ति जताने लगे, जिससे बात बिगड़ गयी. (नीचे भी पढ़ें)
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गयी. आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों व अन्य युवकों ने श्रद्धालुओं के साथ हाथापाई की. इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. देर शाम अजय कुमार राय द्वारा दर्ज शिकायत में प्रशांत गोराई, अचिंतो गोराई, अशोक गोराई समेत पांच अज्ञात युवकों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारीयों के अनुसार, दोषियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.












