रांची : झारखंड की राजधानी रांची के एक बिल्डर से रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित बिल्डर राफे कमाल ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनसे राहुल दुबे गैंग के नाम से फोन आ रहा है और 5 करोड़ की रंगदारी की मांग की गयी है. रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी. उनकी पंडरा स्थित एक जमीन को लेकर लोग लगातार धमका रहे है. धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ शामिल है. राफे ने चारों के विरूद्ध अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. राफे ने पुलिस को बताया कि 6 जनवरी को जब वह अपने पंडरा स्थित जमीन पर गए तो वहां पर मुझे राहुल दुबे गैंग और अमन साहू गैंग के लोगों द्वारा काम करने की बात कहकर उन्हें भगा दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहां मौजूद लोगों ने उन्हें धमकी दी कि अगर वह जमीन नहीं छोड़ते हैं तो उन्हें अंजाम भुगताना पड़ेगा. शाम में जब वह घर लौटे तो एक अंजान नंबर से एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर मैसेज भेजा. मैसेज में खुद को राहुल गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए 5 करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गयी और न देने पर उसी जमीन पर दफन करने की धमकी दी गयी. 17 जनवरी को उनके भाई की रेकी करते हुए वीडियो बनाकर भी उन्हें भेजा गया, जिसके बाद डर के मारे राफे थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि राहुल दुबे गैंग के द्वारा हाल के दिनों में राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में रंगदारी के लिए कॉल किया जा रहा हैं. इसी कड़ी में अब रांची के बिल्डर से भी पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गयी है. वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण मामले में परिजनों को एक विदेशी नंबर से पांच करोड़ रूपये की फिरौती की मांग की गयी थी. परंतु इस मामले में आठ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली है.











