
रांची : झारखंड के रांची स्थित कांटाटोली स्थित होटल पिकनिक के कमरे में एक युवक की हत्या कर दी गयी. मृत युवक की पहचान मौलाना आजाद कॉलोनी रोड नम्बर 8 के रहने वाले मो नासिर के रुप में की गयी है. हत्यारों ने नासिर की हत्या एक गमछी से गला घोंट कर की है. शनिवार की सुबह जानकारी मिलने के बाद रांची के लोअर बाजार ओपी पुलिस घटनास्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेजने के बाद मामले की तफ्तीश कर रही है. मृतक नासिर कांटाटोली चौक से पेट्रोल आटो चलाता था. खादगढ़ा ओपी के एएसआई मंटू सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह सात बजे ही दो युवकों ने खादगढ़ा गेट के सामने स्थित होटल पिकनिक में एक कमरा बुक कर ठहरे हुए थे. उसके बाद 11 बजें दोनों ने नासिर को भी वहां बुला लिया. होटल में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर नोंकझोंक हुई और फिर गमछी से उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गयी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी शाम पांच बजे होटल के कमरे में ताला लगा कर चाबी होटल के मैनेजर को थमाकर निकल गये. उनके जाने के बाद कमरे को कोई नहीं खोला, शनिवार की सुबह जब होटल के सफाईकर्मी ने कमरा खोला तो वहां युवक की लाश पड़ी मिली. पुलिस के मुताबिक नासिर की हत्या पूरी योजना के तहत की गयी है. पुलिस ने बताया कि नासिर के पास चोरी का मोबाइल था, जिसे हासिल करने के लिए आरोपियों के साथ उसका झगड़ा हुआ और उसकी हत्या कर दी गयी. इधर घटना के बाद होटल संचालक व मैनेजर के मुताबिक जिस वक्त दोनों लड़के होटल में आये थे, उस वक्त मुजफ्फरपुर के किसी स्कूल का गौरव के नाम के युवक का आईडी दिखाया था, लेकिन जाने के वक्त युवकों ने रजिस्टर में लिखे गौरव नाम को मिटाकर बादशाह लिख कर निकल गये. घटना को अंजाम देने वाले युवकों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है जिसके आधार पर पुलिस हत्यारों की पहचान में जुट गयी है. सीसीटीवी कैमरे की तस्वीर के मुताबिक दोनों युवक सात बजे होटल में घुसे थे. कुछ देर बाद दोनों बाहर निकले और कुछ देर बाद ऑटो चालक नासिर के साथ होटल पहुंचे. उसमें से एक लड़का कुछ सामान लेकर होटल के ऊपर गया और दूसरा युवक ऑटो में बैठकर कांटाटोली की
ओर चला गया और ऑटो कहीं छोड़कर 11 बजकर 2 मिनट में ऑटो चालक उस लड़के के साथ होटल के कमरे में गया था. इस प्रकार जिस अंदाज में मृतक व हत्यारों की तस्वीर आई है उससे यह साफ है कि दोनों पक्ष एक दूसरे को बहुत ही करीब से जानते थे इसलिए बार-बार आना जाना किया गया. पुलिस तस्वीरों का जायजा लेने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गयी है. बहुत जल्द मामले का खुलासा पुलिस कर लेगी.







