रांची : झारखंड में पूर्ववर्ती सरकार और वर्तमान सरकार के भ्रष्टाचार की पोल यास तूफान ने खोल दी. हल्की बारिश और आंधी में ही कई सारे पुल और पुलिया बह गये है. इन सारे भ्रष्टाचार की कहानी खोल दी है यास तूफान ने. कई सारे पुल टूट चुके है.

कांची नदी पर बना पुल टूटा
झारखंड की राजधानी रांची से सटे तमाड़ के पास स्थित हेठबुढ़ाडीह और हाराडीह मंदिर को जोड़ने वाली कांची नदी पर बने सबसे लंबे पुल, जो बुंडू-तमाड़-सोनाहातू-राहे प्रखंड को जोड़ती है, गुरुवार की दोपहर में ढह गया. इस पुल का निर्माण तीन वर्ष पूर्व हुआ था. पुल का संपर्क रोड भी नहीं बना है तथा अभी इसका विधिवत उदघाटन भी नहीं हुआ है. यहां पर लगभग हर दिन 15 घंटा नदी के पुल के नीचे जेसीबी से खुदाई होता है और सैकड़ों हाईवा और ट्रैक्टर से रांची-टाटा बालू की सप्लाइ किया जाता है. इस कारण यह पुल भी बह गया.

सोनुआ-गुदड़ी मेन रोड में निर्माणाधीन पुलिया के पास डायवर्सन बहा
पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में भारी बारिश से सोनुआ-गुदड़ी मेन रोड में पोड़ाहाट गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया का डाइवर्सन बह गया, जिससे सोनुआ प्रखंड के दर्जनों गांवों का सोनुआ मुख्यालय से संपर्क कट गया है. इसके अलावा गुदड़ी प्रखंड के लोढाई और आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क भी सोनुआ से कट गया है. यह मुख्य सड़क सोनुआ से पोड़ाहाट पनसुआं होते हुए लोढाई और गुदड़ी तक जाती है. अब इस मुख्य सड़क में डायवर्सन बह जाने से लोगों को सोनुआ आने में समस्या हो रही है.

पानी-पानी हुआ सरायकेला
चक्रवाती तूफान यास के कारण हुई बारिश से सरायकेला-खरसावां पानी-पानी हो गया है. नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गये हैं. सरायकेला होकर बहाने वाली खरकई, संजय, सोना व शुरू नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. संजय नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग पर खपरसाई स्थित पुलिया डूब गई है. करीब सात फीट ऊपर पानी बह रहा है. इससे खरसावां व कुचाई प्रखंड का जिला मुख्यालय सरायकेला से संपर्क कट गया है.













