जमशेदपुर : देवघर सत्संग आश्रम में शनिवार को श्रीश्री आचार्यदेव का 58वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में शंख ध्वनि और श्रीश्री ठाकुर जी की जयध्वनि के साथ जन्म लग्न घोषणा हुई. इसके उपरांत वेद मांगलिकी एवं 4:54 बजे समवेत प्रार्थना एवं प्रणाम निवेदन संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद श्रीश्री ठाकुर जी के अमिय ग्रन्थ का पाठ किया गया. सुबह 6:30 बजे वेद भवन में आचार्य देव के स्वस्थ जीवन की कामना के साथ स्वस्ति यज्ञ आयोजित हुआ. 7:00 बजे से मेडिकल कैंप की शुरुआत हुईं, जिसमें भारत के विभिन्न प्रान्तों से आये गुरुभाई डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दी. (नीचे भी पढ़ें)

शिविर में हजारों की संख्या में मरीजों ने अपनी जांच कराई जिसके बाद उन्हें मुफ्त दवाइयां भी दी गईं. सुबह 8:00 बजे सत्संग आश्रम के बड़े नाट मण्डप में संगीतांजलि का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने मधुर भजन प्रस्तुत किये. दोपहर में आयोजित आनंद बाजार में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया. दोपहर 3:00 बजे बड़े नाट मण्डप में सत्संग नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भक्त ठाकुरमय हो गए. संध्या 6:32 बजे सांध्यकालीन प्रार्थना के साथ आयोजन संपन्न हुआ.




