देवघर : बाबा नगरी देवघर में रविवार सुबह शिवगंगा में दो लोगों की डूबने की खबर आने से वहां अफरातफरी मच गयी. देवघर उपायुक्त की त्वरित पहल पर वहां पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने डूब रहे दो लोगों में से एक को बचा लिया, हालांकि उसके साथी को नहीं बचाया जा सका. एनडीआरएफ की टीम ने जब तक उसे बाहर निकाला उसका निधन हो चुका था. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि देवघर में शिव भक्तों के लिए शिवगंगा का विशेष महत्व है. इसीलिए वहां स्नानार्थियों का तांता लगा रहता है. इसके मद्देनजर वहां सुरक्षा कारणों से चेन की बैरिकेडिंग भी की गयी है. इसके बावजूद रविवार सुबह वहां स्नान करने पहुंचे दो लोग शिवगंगा में डूबने लगे. इसकी सूचना मिलते ही उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों, डीटीओ एवं एनडीआरएफ के बचाव दल को मौके पर भेजा. (नीचे भी पढ़ें)

एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर एक व्यक्ति को बचा लिया, जिसकी पहचान लखीसराय के जयशंकर के रूप में की गयी है. वहीं एनडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद दूसरे व्यक्ति गौरव कुमार को भी बाहर निकाला, लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी.(नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी, जिसके कारण लोगों के मना करने पर भी दोनों खतरे के निशान से आगे निकल कर स्नान करने लगे, जिस क्रम में दोनों डूबने लगे.



