जमशेदपुर : झारखंड के आइएएस अधिकारी छबि रंजन से कनेक्शन को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की छापामारी तेजी से जारी है. इस छापामारी में सरायकेला-खरसावां जिले के आइएएस अधिकारी छबि रंजन की ओर से किये गये कथित जमीन घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के मामले के संदर्भ में की गयी छापामारी में सफलता मिली है. प्रवर्तन निदेशालय को कई सारी नयी जानकारी हाथ लगी है. यह मालूम चला है कि सरायकेला-खरसावां डीसी रहते हुए भी आइएएस छबि रंजन ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर कांट्रैक्टर्स एरिया के बरगोनिया टावर निवासी रवि सिंह भाटिया और जुगसलाई सफीगंज मोहल्ला निवासी श्याम सिंह की संयुक्त उपक्रम वाली कंपनी पैंथर टीएमटी के अलावा कई स्थानों पर भी निवेश किया गया था. इस निवेश में भी छबि रंजन की भूमिका रही है. (नीचे भी पढ़ें)
अब इस मामले में कई और लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. छबि रंजन से जुड़े रांची के होटवार खेलगांव निवासी शेखर कुशवाहा से भी पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा रांची के ही कोकर बैंक कॉलोनी निवासी प्रियरंजन सहाय और रांची मोरहाबादी निवासी बिपिन सिंह के आवास पर भी छापामारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार, सरकारी दस्तावेज में जालसाजी करके जमीन खरीदने के मामले में इडी ने यह कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि कांट्रेक्टर बिपिन को इडी ने नोएडा में ट्रैक किया था. इसके बाद इडी की टीम उसके रांची स्थित घर पहुंची. लेकिन इडी के पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार बुधवार सुबह 6:30 बजे तक सभी सामान के साथ निकल गया. इडी ने प्रभात पांडेय ,फ्लैट मालिक को बुलाया है और फ्लैट 402 को सील कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इधर बिपिन को सुबह 10:30 बजे तक दिल्ली इडी कार्यालय में आत्मसमर्पण करने और उनके परिवार को रांची इडी कार्यालय में रिपोर्ट करने के लिए भी कहा था. यह मामला जमीन के गलत नामांतरण से जुड़ा है और बिपिन इस मामले में बिचौलिया था. सूत्रों के मुताबिक आर्मी लैंड स्कैम में पूछताछ के दौरान में शहर के कई इलाके से लगभग 22 लोगों ने फर्जी तरीके से जमीन बेचे जाने की लिखित शिकायत इडी से की थी. तब इडी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की. जिन लोगों के यहां छापेमारी चल रही है, वो सभी जमीन करोबार से जुड़े हुए हैं. इधर जमशेदपुर, देवघर, पाकुड़, दुमका, साहेबगंज में भी इडी छापेमारी कर रही है. 13 अप्रैल को सेना जमीन फर्जीवाड़े में ईडी ने रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन समेत कई लोगों के ठिकानों पर 22 जगहों पर छापेमारी की थी. उसके बाद सीआई, जमीन दलाल समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. छवि रंजन से भी ईडी पूछताछ कर चुकी है. इधर ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ पिंटू के पर्सनल प्राइवेट सेक्रेटरी उदय शंकर को भी लंबी छापेमारी और पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया.



